रांची न्यूज डेस्क: झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेल मंत्रालय ने पुरुलिया–आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस को मंजूरी दे दी है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से रांची, लोहरदगा, डाल्टनगंज, सासाराम, वाराणसी और लखनऊ के रास्ते दिल्ली पहुंचना आसान होगा। हालांकि परिचालन की आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की है।
रेल मंत्रालय के मुताबिक, ट्रेन सप्ताह में एक बार दोनों दिशाओं में चलेगी। ट्रेन संख्या 14022 हर गुरुवार सुबह 05:00 बजे आनंद विहार से रवाना होकर शुक्रवार सुबह 10:40 बजे पुरुलिया पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 14021 हर शुक्रवार शाम 05:00 बजे पुरुलिया से चलेगी और रात 11:10 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
यह एक्सप्रेस रांची और लोहरदगा होते हुए पूर्वांचल और मगध क्षेत्र से गुजरेगी। इसके प्रमुख ठहराव मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, अयोध्या कैंट, वाराणसी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, जपला, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, लातेहार, बरवाडीह, टोरी, लोहरदगा, रांची, मुरी और पुरुलिया स्टेशन पर होंगे।
22 कोच वाली इस एक्सप्रेस से तीन राज्यों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और तीर्थ यात्रियों के लिए यह ट्रेन बेहद सुविधाजनक साबित होगी, क्योंकि इससे दिल्ली के लिए सीधी और बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।